-
ट्रेन की चपेट में आकर अधेड़ की मौत, परिवार में मचा कोहराम
पिपरी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां महमूदपुर मनौरी ओवरब्रिज के नीचे ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
काफी मशक्कत के बाद मृतक की पहचान अरविंद केसरवानी उर्फ सोनू, पुत्र स्वर्गीय शिवमूरत केसरवानी के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे और घटना से गहरा दुख व्यक्त किया।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।