लगातार बारिश का असर: कौशाम्बी में 7 व 8 अगस्त को सभी विद्यालय बंद
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनज़र बीएसए का आदेश, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त एवं परिषदीय स्कूलों में रहेगा अवकाश
मंझनपुर (कौशाम्बी)। जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने 7 एवं 8 अगस्त (शुक्रवार एवं शनिवार) को जिले के सभी बोर्ड से मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त तथा परिषदीय विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है।
बीएसए द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि लगातार वर्षा के कारण विद्यालय परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव हो गया है, जिससे छात्र-छात्राओं के आवागमन में जोखिम बढ़ गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दोनों दिनों तक शिक्षण कार्य पूर्णतः स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है।
सभी विद्यालयों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे अवकाश अवधि में बच्चों को विद्यालय न भेजें तथा मौसम सामान्य होने तक सतर्कता बरतें।आदेश के अनुसार मौसम सामान्य रहने पर सोमवार से सभी विद्यालय अपने निर्धारित समय पर पुनः संचालित होंगे।
