फतेहपुर में अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार
थरियांव पुलिस व हसवा चौकी की संयुक्त कार्रवाई, 12 चोरी की बैटरियां, LED-TV, LCD-TV और आर्टिका कार बरामद
फतेहपुर। जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना थरियांव पुलिस और हसवा चौकी की संयुक्त टीम ने कथित अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 12 इस्तेमालशुदा बैटरियां, एक 43 इंच की LED टीवी, एक LCD टीवी तथा चोरी में प्रयुक्त UP77 AS 4110 नंबर की आर्टिका कार बरामद कर सीज कर दी।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को थाना थरियांव क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में दीवार और खिड़की तोड़कर बैटरियां, इन्वर्टर, DVR, LED व LCD टीवी सहित अन्य सामान चोरी किया गया था। मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। इसी दौरान सुल्तानपुर घोष क्षेत्र में ई-रिक्शा की बैटरियां चोरी होने की घटनाओं का भी सुराग मिला।
9 अगस्त 2026 की रात करीब 2:49 बजे मुखबिर की सूचना पर तालाब हसवा मार्ग के पास घेराबंदी कर पुलिस ने संदिग्ध आर्टिका कार को रोका और तलाशी के दौरान चोरी का सामान बरामद करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले संभावित स्थानों की रेकी करते थे, फिर मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी का सामान कबाड़ियों के माध्यम से बेचकर रकम आपस में बांट ली जाती थी। पुलिस ने बताया कि कुछ आरोपियों के विरुद्ध पहले से भी विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी
* 12 इस्तेमालशुदा बैटरियां
* 43 इंच की 1 LED टीवी
* 1 LCD टीवी
* आर्टिका कार (UP77 AS 4110)
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
जिला संवाददाता फतेहपुर: प्रमोद कुमार