गंगा में डूबे किशोर का शव दूसरे दिन बरामद
पुरामुफ्ती थाना प्रभारी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे
प्रयागराज। पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के फतेहपुर घाट पर गंगा में डूबे 17 वर्षीय किशोर का शव गुरुवार को एनडीआरएफ और जल पुलिस की संयुक्त टीम ने बरामद कर लिया। मृतक की पहचान शेखर उर्फ पेटू पुत्र दिनेश धारीकर, निवासी मनौरी के रूप में हुई है।
बताया गया कि 5 अगस्त की शाम कल्लू के दाह संस्कार के बाद गंगा स्नान के दौरान शेखर गहरे कटान और नाले के तेज बहाव में डूब गया था। सूचना मिलते ही पूरामुफ्ती थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू कराई। देर शाम तक ग्रामीणों की मदद से तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। गुरुवार को एनडीआरएफ व जल पुलिस की सहायता से शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।
