बेरुआ बाजार से स्प्लेंडर बाइक चोरी, सब्जी लेने गए युवक की बाइक लेकर चोर हुए फरार
रिपोर्ट | अखिलेश कुमार
कौशाम्बी जनपद के चरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेरुआ बाजार में दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना से स्थानीय व्यापारियों और लोगों में चिंता का माहौल है। चोर बाजार में खड़ी एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को लेकर फरार हो गए। पीड़ित युवक ने काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर: UP 73 Z 8518) से बेरुआ बाजार सब्जी खरीदने पहुंचा था। उसने अपनी बाइक बाजार के पास खड़ी की और खरीदारी करने चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो मौके से उसकी बाइक गायब थी।
पहले तो युवक ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और स्वयं बाजार व आसपास के इलाकों में बाइक की तलाश की, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में लगातार बढ़ती भीड़ का फायदा उठाकर चोर सक्रिय हो गए हैं। लोगों ने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
पीड़ित युवक ने प्रशासन से जल्द से जल्द बाइक बरामद करने और चोरी में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य साक्ष्य जुटाने का प्रयास कर रही है।