बीकेयू जिला अध्यक्ष पर जानलेवा हमला, सिर पर गंभीर चोट — इलाके में तनाव, किसानों में उबाल

बीकेयू जिला अध्यक्ष पर जानलेवा हमला, सिर पर गंभीर चोट — इलाके में तनाव, किसानों में उबाल

 

*कौशाम्बी:*

भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के जिला अध्यक्ष राम सिंह पटेल पर उस समय जानलेवा हमला कर दिया गया, जब वे बच्चों के बीच हुए विवाद को शांत कराने और दोनों पक्षों में समझौता कराने मौके पर पहुंचे थे। सामाजिक जिम्मेदारी निभाने गए किसान नेता पर अचानक हुए इस हमले से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई है और उन्हें खून से लथपथ हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्षेत्र में बच्चों के बीच मामूली कहासुनी को लेकर विवाद हो गया था। मामला बढ़ता देख स्थानीय लोग और ग्रामीणों ने बीकेयू जिला अध्यक्ष राम सिंह पटेल को सूचना दी। किसान नेता मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान विपक्षी पक्ष के कुछ दबंग और अराजक तत्व अचानक उग्र हो गए और लाठी-डंडों से उन पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने सीधे उनके सिर को निशाना बनाकर कई वार किए। अचानक हुए हमले से राम सिंह पटेल संभल भी नहीं पाए और गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना की खबर फैलते ही भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं और स्थानीय किसानों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में किसान अस्पताल और थाने पहुंचने लगे। यूनियन पदाधिकारियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। फिलहाल घायल किसान नेता राम सिंह पटेल का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उनके सिर में गहरी चोट आई है और कई टांके लगाए गए हैं। उन्हें निगरानी में रखा गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *